एकता क्रांति, सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में क्रिकेट का पीजी कोर्स कर रहे एक युवक निशांत गौतम की स्वीमिंग पूल (Sonipat news) में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देर शाम को आठ बजे के करीब निशांत अपने दोस्तों के साथ स्वीमिंग पूल में तैराकी के लिए आया था। हादसे के समय स्वीमिंग कोच भी वहीं पर मौजूद था।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के गौतम नगर निवासी निशांत खेल यूनिवर्सिटी राई से क्रिकेट में पीजी डिप्लोमा कोर्स कर रहा था। कोर्स खत्म ही होने वाला था, जिसमें करीब 2 महीने ही बचे थे। निशांत हॉस्टल में रहता था और इस समय उसके एग्जाम चले हुए थे। एक पेपर हो चुका था तो वहीं आज दूसरा पेपर होना था लेकिन शुक्रवार की रात निशांत के लिए आखिरी व अंतिम रात बनकर रह गई।
Sonipat news : क्रिकेट खेलने के बाद देर शाम को तैराकी के लिए गया था निशांत
निशांत के जानकार बताते हैं कि शुक्रवार को दिन में एग्जाम के बाद शाम को क्रिकेट का मैच हुआ। इसके बाद शाम करीब साढ़े 8 बजे निशांत अपने चार दोस्तों के साथ तैराकी के लिए स्वीमिंग पूल पर आ गया। हालांकि निशांत अच्छा तैराक था लेकिन वह कैसे डूब गया, इसका पता नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि स्वीमिंग पूल में निशांत नहीं दिखा तो टॉर्च मंगवाकर उसे ढूंढा गया, जिसमें वह पानी के नीचे मिला। वहां से निकाल कर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Sonipat news : मामला संदिग्ध, घुटनों पर रगड़, बयान में विरोधाभास
निशांत गौतम के साथ हुए हादसे के बाद मामला संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि निशांत के घुटनों पर रगड़ के निशान बने हुए हैं तो वहीं उसके साथ मौजूद साथियों के बयान में भी विरोधाभास नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस हर एंग्ल से जांच कर रही है। मृतक के पिता भी दिल्ली पुलिस में हैं। साल 2022 में निशांत की शादी हुई थी। उसका तीन साल का बेटा भी है और पत्नी गर्भवती है।

