Jind Census 2027 : जनगणना का प्रथम चरण का कार्य आज से शुरू, 2260 कर्मचारी उतरे फील्ड में

Date:

Jind Census 2027 : जींद : जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य शुक्रवार से शुरू हो रहा है। शिक्षा विभाग और अन्य विभागों के 2260 कर्मचारी जनगणना के लिए फील्ड में उतरेंगे। करीब 375 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं और 400 कर्मचारी रिजर्व में रखे गए हैं। 31 मई तक मकान सूचीकरण का व्यापक कार्य पूरा किया जाएगा।

इससे पहले वीरवार को जनगणना में लगे शिक्षकों व अन्य विभागों के कर्मचारियों को संबंधित कार्य की ट्रेनिंग भी दी गई। टूल किट और आइ कार्ड जारी किए गए। नगर परिषद कार्यालय में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्राप्त सामग्री का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने और निर्धारित दिशा- निर्देशों अनुसार काम करने के लिए कहा गया। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि जनगणना का कार्य स्कूल समय के बाद करना है। स्व- गणना करने की 30 मई को अंतिम तारीख थी। शाम तक 21 हजार परिवारों ने आनलाइन स्व- गणना करते हुए अपनी डिटेल भरी।

Jind Census :डीसी ने की तैयारियों की समीक्षा

डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने अपने कार्यालय में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान पहले दिन से ही प्रभावी ढंग से लागू हो और कहीं भी किसी प्रकार की बाधा न आने पाए। जिले का कोई भी क्षेत्र चाहे वह स्लम हो, दूर-दराज हो या एकांत में बना मकान हो, जनगणना से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ इस राष्ट्रीय कार्य को पूरा करने का आह्वान किया। सभी प्रगणक अपनी पूरी किट के साथ फील्ड में जाएं और कार्य को समय पर शुरू करें।

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्रगणकों से अपनी सेहत का ध्यान रखने और अनुकूल समय में कार्य करने का सुझाव भी दिया। साथ ही अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्य की निगरानी करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। डीसी ने कहा, जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए। इसके तहत सिनेमाघरों, कूड़ा संग्रहण वाहनों, सार्वजनिक स्थलों और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़ सकें। बैठक में डीआरओ राजकुमार, जिला शिक्षा अधिकारी रितु पंघाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jind Census : डेटा सुरक्षित व गोपनीय रहता है

डीसी ने कहा, जनगणना में एकत्रित किया जाने वाला डेटा पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रहता है। इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं और नीति निर्माण के लिए किया जाता है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी प्रकार की भ्रांति या डर में न आने और इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। सही और सटीक आंकड़े ही जिले और देश के समग्र विकास की आधारशिला होते हैं।

इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है। आमजन से अपील करते हुए कहा, प्रगणकों का सहयोग करें और सही व पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं। नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 सुबह नौ से शाम छह बजे तक चालू रहेगा। जिस पर किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता प्राप्त की जा सकती है।

Spread the love
Rahul Hindustani
Rahul Hindustanihttp://ektakranti.in
राहुल हिंदुस्तानी हरियाणा की पत्रकारिता में सक्रिय एक निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़े पत्रकार हैं। राहुल हिंदुस्तानी जमीनी मुद्दों, प्रशासनिक मामलों और राजनीतिक गतिविधियों पर सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्रकारिता की पहचान है—तथ्य आधारित खबरें, बेबाक अंदाज और जनहित को प्राथमिकता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular

Recently Post
Related