एकता क्रांति न्यूज, जींद। अलेवा क्षेत्र के संडील गांव (Jind crime) में जमीनी विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की तेजधार हथियार से पेट में वार करके हत्या कर दी। मंगलवार सुबह ही सभी भाइयों की जमीन का बंटवारा हुआ था।
अलेवा थाना पुलिस ने मृतक के शव को जींद के पोस्टमार्टम हाऊस में रखवाया हुआ है। अलेवा थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव संडील में 35 वर्षीय खुशीराम व सत्यवान समेत चारों भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद था। मंगलवार सुबह इनके बीच जमीन का बंटवारा भी हुआ था। सभी को डेढ़-डेढ़ एकड़ जमीन मिली थी। इसके अलावा घर की जमीन का भी बंटवारा हुआ था। इसमें खुशीराम को केवल खुला प्लाट ही मिला था। इसको लेकर खुशीराम व सत्यवान के बीच विवाद हो गया।
Jind crime : वारदात को अंजाम देकर फरार हुआ बड़ा भाई
दोपहर के समय खुशीराम अपने घर आ गया था। कुछ समय बाद ही सत्यवान घर आकर उससे झगड़ा करने लगा। दोनों में काफी बहस हुई। इसी दौरान सत्यवान ने खुशीराम पर तेजधार हथियार से वार कर दिया। इसमें एक वार खुशीराम की बाजू पर किया और एक वार उसके पेट पर किया गया। खुशीराम घर के बाहर गली में ही गिर गया। वारदात को अंजाम देकर सत्यवान मौके से फरार हो गया।
मौके पर ही खुशीराम की मौत हो गई। सूचना पाकर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को नागरिक अस्पताल में भिजवाया। खुशीराम के पास एक लड़का व एक लड़की है। अलेवा थाना प्रभारी आत्माराम ने कहा कि अभी तक इस मामले में बयान दर्ज नहीं हुए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
ये खबर भी पढ़ें : Haryana Roadways : जींद बस स्टैंड पर बूथ मर्ज करने के फैसले से भड़की रोडवेज यूनियनें, आंदोलन की चेतावनी

