एकता क्रांति न्यूज, जींद। (Jind crime) : ईक्कस गांव से बाइपास की तरफ शनिवार दोपहर को चार बजे पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें पांच फायर बदमाशों की तरफ से किए गए जबकि पुलिस की तरफ से भी तीन-चार फायर हुए। दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई जबकि तीसरा भागते समय गिरकर घायल हो गया।
तीनों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इनकी पहचानरोहतक जिले के गांव किलोई निवासी भगता (25), जींद के गांव ढिगाना निवासी अक्षय (31) व करेला निवासी अंकित (25) के रूप में हुई है। इसमें अक्षय व भगता के पैर में गोली लगी है। डिटेक्टिव स्टाफ को सूचना मिली कि तीन युवक ईक्कस गांव के पास बैठकर शराब पी रहे हैं। उनके पास अवैध पिस्तौल हैं। यह युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी।
जब पुलिस टीम आरोपितों को पकड़े पहुंची तो आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसमें सहायक उपनिरीक्षक समरजीत बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने के कारण बच गए। दो गोली उनकी जैकेट में लगी जबकि एक गोली पुलिस की गाड़ी को लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली भगता व एक गोली अक्षय के पैर में लग गई। पुलिस ने तीनों को मौके से काबू कर लिया। उनको नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। डीएसपी ऋषि सोढ़ी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

