Jind crime : हरियाणा के जींद में सीआईए नरवाना ने हनी ट्रैप मामले में छह लाख रुपये की राशि ऐंठने के आरोप में तीन महिलाओं को रंगे हाथों काबू किया है। तीनों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों में गांव कुचराना निवासी सोनिया, यमुनानगर की कालोनी कंसोपुर निवासी महिला संगीता व सीमा शामिल है। तीनों को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
सीआइए प्रभारी सुखदेव ने बताया कि बुधवार को गांव धमतान साहिब निवासी मलकियत ने पुलिस को एक शिकायत दी कि एक महिला उसके भतीजे नरेश की डेयरी में काम करती है। उसने उसके भतीजे नरेश के खिलाफ झूठा दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा रखा है। अब वह उसके भतीजे नरेश को ब्लैकमेल कर रही है और छह लाख रुपये की मांग कर रही है। इनमें से ढाई लाख रुपये तीन महिलाएं पहले ही ऐंठ चुकी हैं।

डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा ने गढ़ी थाना प्रभारी व सीआइए प्रभारी की ड्यूटी लगाई। इसके लिए डयूटि मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किया गया। टीम ने तीन लाख रुपये के नोटों के सीरियल नंबर नोट करके शिकायतकर्ता को सौंप दिए। शिकायतकर्ता ने पैसे लेने के लिए महिलाओं को जमींदारा ढाबा के नजदीक बुलाया। जब आरोपित महिलाएं पैसे लेने के लिए आई तो टीम ने उनको मौके से काबू कर लिया। आरोपितों में गांव कुचराना निवासी सोनिया, यमुनानगर की कालोनी कंसोपुर निवासी महिला संगीता व सीमा शामिल है। इनमें से एक महिला ने नरेश के खिलाफ दो दिन पहले दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था।
डीएसपी कमलदीप राणा ने बताया कि तीन दिन पहले ही सोनिया ने नरेश के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप लगाते हुए एफआइआर दर्ज करवाई थी। उसने नरेश के साथ लीव इन में रहने के कागजात भी तैयार करवा लिए थे, लेकिन इनका मकसद पैसे ऐंठना था। इसमें सोनिया व संगीता दोनों सगी बहने हैं व सीमा ने बिचौलिए का काम किया है। तीनों को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस तीनों को रिमांड पर लेने की कोशिश करेगी ताकि मामले का पूरी तरह से खुलासा किया जा सके।

