Success Story Muskan : जींद जिले के उचाना हलके के गांव डूमरखा कलां की रहने वाली 12वीं कक्षा की छात्रा मुस्कान खेतों में ट्रैक्टर चलाकर अपने पिता का हाथ बंटाती है। स्कूल से लौटने के बाद वह सीधे खेतों में जाती है और जुताई, बुवाई, रीपर से तूड़ी बनाने जैसे काम करती है। मुस्कान ट्रैक्टर चलाने के साथ-साथ खेतों को समतल करने में भी माहिर है। गांव में लोग उसे ड्राइवर छोरी के नाम से जानते हैं। उसके पिता प्रवीण ने उसकी लगन देखकर उसे अपना ट्रैक्टर भी दिलवाया है।

इंटरनेट मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय (Success Story Muskan)
मुस्कान इंटरनेट मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय है। इंस्टाग्राम पर उसके 39 हजार और फेसबुक पर 1 लाख 10 हजार फालोअर्स हैं, जहां वह खेतों में ट्रैक्टर से काम करते हुए वीडियो अपलोड करती रहती है, उसकी कहानी कई बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। शुरुआत में गांव के कुछ लोग कहते थे कि लड़की होकर ट्रैक्टर चलाती हैं, लेकिन मुस्कान ने इन बातों को नजरअंदाज किया।
कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता : मुस्कान (Success Story Muskan)
मुस्कान ने कहा कि गेहूं की फसल का सीजन साल में एक बार ही आता है, इसलिए ट्रैक्टर-रिपर से तूड़ी बनाकर परिवार के लिए पैसे कमाने हैं। मुस्कान का यह जज्बा दर्शाता है कि अगर हौसला हो तो कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। वह सिर्फ एक बेटी नहीं, बल्कि एक ऐसी सोच का प्रतीक है, जो चुनौतियों का सामना कर अपने सपनों को पूरा करने की हिम्मत देती है।

