Divyanka Sirohi Death : चंडीगढ़/गाजियाबाद। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपनी खूबसूरत मुस्कान और दमदार अदाकारी से लाखों दिलों पर राज करने वाली मशहूर अभिनेत्री दिव्यांका सिरोही अब हमारे बीच नहीं रहीं। महज 30 साल की उम्र में उनका अचानक निधन हो जाना इंडस्ट्री और फैंस के लिए गहरे सदमे जैसा है।
ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार देर रात गाजियाबाद स्थित उनके आवास पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8 बजे दिव्यांका घर पर ही थीं। अचानक उन्हें चक्कर आया और वह फर्श पर गिर पड़ीं। गिरने से उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। परिवार के सदस्य तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट की आशंका भी जताई गई है।

Divyanka Sirohi Death : बुलंदशहर से हरियाणवी इंडस्ट्री तक का सफर
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जन्मी दिव्यांका सिरोही ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर हरियाणवी इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई। पढ़ाई में भी वह काफी तेज थीं। उन्होंने कॉमर्स और मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी करने के बाद ग्लैमर की दुनिया में कदम रखा।
दिव्यांका की लोकप्रियता की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिक-टॉक से हुई थी। एक वायरल वीडियो ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में एंट्री की और 50 से अधिक सुपरहिट गानों में नजर आईं।
Divyanka Sirohi Death : बड़े कलाकारों के साथ किया काम
दिव्यांका ने अपने छोटे लेकिन सफल करियर में मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया और केडी जैसे कई बड़े हरियाणवी कलाकारों के साथ काम किया। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और एक्सप्रेशन ने उन्हें लाखों फैंस का चहेता बना दिया।
उनके निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। हरियाणवी इंडस्ट्री के कलाकारों और फैंस ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनका यूं अचानक जाना पूरी इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

