एकता क्रांति, जींद।
HBSE Result 2026 : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के मंगलवार को जारी हुए 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में बेटियों ने बाजी मारी है। 91 प्रतिशत परीक्षा परिणाम के साथ जींद जिला जहां प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। वहीं शिक्षा भारती ग्लोबल स्कूल बुडायन की छात्रा योगिता और ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल पब्लिक स्कूल धमतान साहिब की छात्रा मुस्कान ने आर्ट संकाय में संयुक्त रूप से 497 अंकों के साथ प्रदेश में तीसरा व जिले में पहला स्थान हासिल किया है। कामर्स संकाय में एसडी कन्या महाविद्यालय नरवाना की छात्रा तमन्ना 494 अंकों के साथ प्रदेश में टापर रही। वहीं न्यू एमडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खरल के छात्र लक्ष्य कुमार, एसडी कन्या महाविद्यालय नरवाना की छात्रा धृति व अंशिका 492 अंक लेकर कामर्स संकाय में संयुक्त रूप से प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहे। पिछली बार जींद जिला प्रदेश में 91.05 प्रतिशत अंकों के साथ टाप पर था। इस बार 91.08 प्रतिशत परिणाम के साथ चरखी दादरी जिला प्रदेश में टाप पर रहा है। इस बार जिले में 14 हजार 483 विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा दी थी। जिसमें से 13 हजार 180 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। 1022 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है और 281 विद्यार्थी फेल हो गए हैं।

पिछले साल ये रहा था परिणाम (BSE Result 2026)
पिछले साल हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 12वीं कक्षा के परिणाम में 91.05 प्रतिशत परिणाम के साथ जींद प्रदेश में टाप पर रहा था। जींद के दो विद्यार्थियों एसडी कन्या महाविद्यालय नरवाना की छात्रा यशिका कामर्स संकाय में 495 अंक लेकर प्रदेश में दूसरे और डीएन माडल स्कूल की छात्रा सरोज ने कल संकाय में 494 अंक लेकर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया था। जिले के 12 हजार 248 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 11 हजार 152 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे। 879 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई थी और 217 विद्यार्थी फेल हो गए थे। जबकि इससे पहले जींद जिले 90.07 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में चौथे स्थान पर था। उस समय 13 हजार 670 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी, जिसमें से 12 हजार 313 विद्यार्थी पास हुए थे। 1126 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई थी और 231 विद्यार्थी फेल हुए थे।
जिला शिक्षा अधिकारी रितु पंघाल ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी 12वीं कक्षा के परिणाम में जिले के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है। 91 प्रतिशत परिणाम के साथ जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा है। प्रदेश के टाप-3 विद्यार्थियों में जींद जिले की दो छात्राएं भी शामिल हैं। उम्मीद है कि विद्यार्थी लगातार बेहतर प्रदर्शन करेंगे। लड़कियां लगातार पढ़ाई व खेलकूद के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसे में अभिभावकों को चाहिए कि वह लड़कियों को भी लड़कों के समान अवसर प्रदान करें।

